महाकालेश्वर की कार्तिक-अगहन की शाही सवारी सोमवार को निकाली। सवारी के लिए इंदौर से एसएएफ का 25 जवानों का पुलिस बैंड आया। मंदिर के बाहर बैंड की धुन पर सशस्त्र बल ने भगवान की पालकी आने पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके पहले मंदिर के सभागृह में पुजारियों ने भगवान के चंद्रमौलेश्वर स्वरूप की पूजा-अर्चना की।
इसके बाद चंद्रमौलेश्वर को पालकी में विराजमान कर शाम 4 बजे सवारी रवाना की। मुख्य द्वार पर गार्ड ऑफ ऑनर के बाद सवारी रामघाट की ओर बढ़ गई। गुदरी, पानदरीबा होकर सवारी शाम 4.35 बजे रामघाट पहुंची। जहां भगवान का अभिषेक पूजन हुआ।
इसके बाद शाम 5 बजे सवारी रामघाट से वापस मंदिर की ओर रवाना हुई। सवारी में झांझ दल, भजन मंडलियां और भक्त शामिल हुए। शाही सवारी के दर्शन के लिए मार्ग के दोनों तरफ श्रद्धालु मौजूद थे। जगह-जगह सवारी का पूजन भी किया।